Umesh Pal Murder Case: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में उमेश पाल हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई जारी है। आज बदमाश और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में एक और आरोपी मारा गया। जिले के कौंधियारा इलाके में हुई मुठभेड़ में विजय उर्फ उस्मान चौधरी को पुलिस ने ढेर कर दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि इलाके में पुलिस सर्चिंग कर रही थी। इसी दौरान उस्मान और उसके गैंग की ओर से फायरिंग कर दी। पुलिस ने बचाव के लिए जवाबी फायरिंग की। जिसमें उस्मान गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
वहीं, एनकाउंटर में एक सिपाही भी घायल हो गया। सिपाही का इलाज जारी है। जानकारी के मुताबिक, उस्मान ने ही उमेश पाल पर पहली गोली चलाई थी। इससे पहले पुलिस ने अतीक अहमद के बेटे के ड्राइवर को ढेर किया था।