Republic Day 2023: आज भारत देश 74वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कर्तव्यपथ पर परेड की सलामी ली। इस दौरान राष्ट्रगान बजाया गया और 21 तोपों की सलामी दी गई।
इसके बाद कर्तव्यपथ (पहले राजपथ और किंग्सवे) पर पहले परेड की शुरुआत की गई। परेड में स्वदेशी सैन्य पराक्रम का प्रदर्शन किया जा रहा है। साथ ही अलग-अलग राज्यों की झांकियां में सांस्कृतिक विविधता भी दिखेगी। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सिसी परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए हैं।
परेड को देखने के लिए अगली पंक्ति में इस बार वीवीआईपी की जगह श्रमजीवियों को जगह दी गई है। परेड की सुरक्षा के लिए लगभग 6,000 जवानों को तैनात किया गया है, जिसमें दिल्ली पुलिस के अलावा अर्धसैनिक बल और एनएसजी शामिल हैं। करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की मदद से कर्तव्य पथ पर नजर रखी जा रही है।