शिक्षा, रोजगार और छात्र आंदोलनों समेत कई मुद्दों पर हुई बातचीत, जंतर-मंतर प्रदर्शन में सपा सांसदों के समर्थन के लिए जताया आभार
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी मुख्यालय में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका के बीच करीब डेढ़ घंटे तक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस मुलाकात को यूपी की सियासत में नए समीकरणों की संभावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।
बैठक के दौरान आशुतोष रांका के साथ उनके सात अन्य सहयोगी भी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि बातचीत में युवाओं के भविष्य, शिक्षा व्यवस्था, रोजगार और छात्र आंदोलनों जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। हालांकि, बैठक में क्या निर्णय हुआ या भविष्य की कोई राजनीतिक रणनीति तय हुई है या नहीं, इसको लेकर दोनों पक्षों की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
जंतर-मंतर प्रदर्शन में समर्थन के लिए जताया आभार
अखिलेश यादव से आशुतोष रांका की मुलाकात की एक प्रमुख वजह हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुआ प्रदर्शन बताया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के सांसदों और नेताओं ने आंदोलन को समर्थन दिया था।
प्रदर्शन में सपा सांसद डिंपल यादव समेत पार्टी के कई नेताओं की मौजूदगी रही थी। इसी समर्थन के लिए आशुतोष रांका ने अखिलेश यादव का आभार जताया।
युवाओं और रोजगार पर फोकस
बैठक में शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे। युवाओं के भविष्य और छात्र हितों से जुड़े सवालों को लेकर आगे की रणनीति पर भी चर्चा होने की बात कही जा रही है। ऐसे में यह मुलाकात आने वाले दिनों में किस दिशा में जाती है, इस पर राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है।
हालांकि, अभी तक इसे किसी औपचारिक राजनीतिक गठजोड़ या नए गठबंधन के तौर पर देखना जल्दबाजी होगी। बैठक के वास्तविक परिणाम को लेकर दोनों पक्षों की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।






