UPWeather: उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर लगातार तेज होता जा रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने नए मौसम तंत्र और पश्चिमी विक्षोभ के बीच हुए इंटरेक्शन के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की स्थिति बनी हुई है। नेपाल सीमा से लगे तराई क्षेत्र और पूर्वांचल के कई जिलों में पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर बारिश जारी है। लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है और तापमान में गिरावट के चलते मौसम में ठंडक महसूस की जा रही है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, शनिवार को प्रदेश में बारिश का दायरा और अधिक व्यापक होने की संभावना है। कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। सबसे ज्यादा असर नेपाल सीमा से लगे तराई क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है।
इन 8 जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के आठ जिलों में अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर शामिल हैं।
इन जिलों के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी भारी बारिश की आशंका जताई गई है। लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव और आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
रेड अलर्ट वाले जिलों के अलावा प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और बदायूं में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
इसके अलावा पूर्वांचल, मध्य उत्तर प्रदेश और पश्चिमी यूपी के कई अन्य जिलों में भी बारिश होने की संभावना है।
बारिश के चलते कई जिलों में स्कूल बंद
लगातार बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया गया है।
गोंडा में 27 सितंबर तक स्कूल बंद
गोंडा में बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने शनिवार को भी नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों में शिक्षण कार्य बंद रखने का आदेश दिया है। अब जिले में स्कूल 28 सितंबर को खुलेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित स्कूल संचालकों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
लखनऊ में कक्षा 1 से 12 तक अवकाश
राजधानी लखनऊ में भी भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी ने कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
बलरामपुर में भी स्कूल बंद
बलरामपुर में शनिवार को कक्षा 1 से 12 तक के सभी बोर्ड के विद्यालय बंद रखने का फैसला लिया गया है। हालांकि अवकाश के दौरान शिक्षकों को विभागीय कार्यों में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सीतापुर, बाराबंकी और श्रावस्ती में भी छुट्टी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान और रेड अलर्ट को देखते हुए सीतापुर, बाराबंकी और श्रावस्ती में भी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है।
तापमान में भी आई गिरावट
लगातार बारिश का असर प्रदेश के तापमान पर भी पड़ा है। कई इलाकों में तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है। बारिश और बादलों के कारण मौसम में ठंडक बढ़ी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में बारिश का दायरा और बढ़ने की संभावना जताई है।
प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों की ओर से लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। खासकर रेड अलर्ट वाले जिलों में भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और जलभराव वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने की जरूरत है।
अंबेडकर नगर में बारिश के कारण बंद रहेंगे कक्षा 12 तक विद्यालय
जिले में तेज बारिश और चक्रवात की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने शनिवार को सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। मौसम विभाग से मिले अलर्ट के बाद डीएम ईशा प्रिया ने कक्षा एक से 12 तक के सभी विद्यालयों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक कौस्तुभ सिंह ने बताया कि आदेश सभी बोर्डों से संचालित माध्यमिक विद्यालयों पर लागू होगा। राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालय शामिल हैं। आदेश का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने मौसम की प्रतिकूल स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया है।
लखनऊ में शनिवार को बंद रहेंगे स्कूल
बारिश से कई इलाकों में जलभराव और भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए 26 सितंबर (शनिवार) को जिले में कक्षा 12 तक के सभी विद्यालय बंद रहेंगे। डीएम विशाख जी ने इसका आदेश जारी कर दिया है।डीएम ने बताया कि प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, निजी विद्यालयों एवं सभी बोर्ड द्वारा संचालित विद्यालयों पर यह आदेश लागू होगा। उन्होंने क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।
खराब मौसम में स्कूल-कॉलेज बंद करने का निर्णय लें डीएम
राहत आयुक्त हृषिकेश भास्कर यशोद ने भारी वर्षा और जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को आपदा प्रबंधन में तेजी लाने को कहा है। जिलाधिकारी खराब मौसम में स्कूल-कॉलेज और गैर-आवश्यक सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय ले सकते हैं। आमजन किसी भी आपदा की स्थिति में 1070 पर फोन कर सूचित करें।
लेखपालों और ग्राम विकास अधिकारियों को कच्चे मकानों के आसपास जलभराव का तत्काल संज्ञान लेने को कहा गया। जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय किए जाएं। संवेदनशील परिवारों पर विशेष निगरानी रखने को भी कहा गया है।
फील्ड में फायर सर्विस, पीएसी, सिविल डिफेंस, होमगार्ड और आपदा मित्रों की सेवाएं आवश्यकतानुसार ली जाएं। इन सभी टीमों को सक्रिय रखकर प्रभावित क्षेत्रों में निरंतर भ्रमण सुनिश्चित हो। भारी वर्षा से जलभराव या बाढ़ वाले क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार अतिरिक्त टीमें तैनात हों। जल निकासी और राहत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जाए।
READ MORE- यूपी चुनाव 2027: अवध और बुंदेलखंड में किसे कितनी सीटें? न्यूज लीडर-मैटराइज सर्वे के आंकड़े सामने आए






