UP MBBS BDS Internship Stipend Hike: उत्तर प्रदेश सरकार ने मेडिकल छात्रों के लिए बड़ा फैसला लिया है। राज्य में MBBS और BDS की पढ़ाई पूरी कर अनिवार्य रोटेटरी इंटर्नशिप कर रहे छात्रों के मासिक स्टाइपेंड में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी गई है। अब इंटर्न डॉक्टरों को हर महीने ₹25,000 स्टाइपेंड मिलेगा। यह फैसला 25 अगस्त 2026 को हुई उत्तर प्रदेश कैबिनेट की बैठक में लिया गया।
12 हजार से बढ़ाकर 25 हजार हुआ स्टाइपेंड
सरकार के इस फैसले से सरकारी मेडिकल कॉलेजों, संस्थानों और मेडिकल विश्वविद्यालयों में इंटर्नशिप कर रहे MBBS और BDS छात्रों को राहत मिलेगी। इससे पहले इंटर्न डॉक्टरों को हर महीने ₹12,000 स्टाइपेंड दिया जा रहा था। अब इसे बढ़ाकर ₹25,000 कर दिया गया है। यानी स्टाइपेंड में ₹13,000 प्रति माह की बढ़ोतरी हुई है।
2021 में भी बढ़ा था स्टाइपेंड
उत्तर प्रदेश में इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में इससे पहले वर्ष 2021 में बढ़ोतरी की गई थी। उस समय स्टाइपेंड ₹7,500 से बढ़ाकर ₹12,000 किया गया था। अब करीब पांच साल बाद सरकार ने एक बार फिर इसमें बड़ी बढ़ोतरी का फैसला किया है।
मरीजों की देखभाल में अहम भूमिका निभाते हैं इंटर्न
इंटर्नशिप के दौरान मेडिकल छात्र अस्पतालों में मरीजों की देखभाल, ओपीडी, वार्ड, इमरजेंसी और नाइट ड्यूटी जैसी जिम्मेदारियां निभाते हैं। सरकार के मुताबिक, बढ़ा हुआ स्टाइपेंड इंटर्न डॉक्टरों को आर्थिक राहत देने के साथ-साथ सरकारी अस्पतालों में उनकी सेवाओं को प्रोत्साहित करने में मदद करेगा।
बढ़ोतरी की लंबे समय से थी मांग
उत्तर प्रदेश के मेडिकल इंटर्न लंबे समय से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग कर रहे थे। 22 अगस्त को कई सरकारी मेडिकल कॉलेजों के MBBS इंटर्नों ने लखनऊ स्थित KGMU समेत विभिन्न संस्थानों में स्टाइपेंड बढ़ाने को लेकर प्रदर्शन भी किया था। इंटर्न डॉक्टरों ने ₹12,000 से बढ़ाकर ₹30,000 प्रति माह करने की मांग रखी थी। सरकार ने अब ₹25,000 प्रति माह करने को मंजूरी दी है।
सरकार के इस फैसले को मेडिकल छात्रों और इंटर्न डॉक्टरों के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है।
Also Read:- रक्षाबंधन से पहले Amazon, Flipkart और Meesho पर ऑफर्स की भरमार, राखी से लेकर गिफ्ट तक कई विकल्प






