DUSU Election Result 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 2026 के अंतिम परिणाम घोषित हो गए हैं। चार प्रमुख पदों में से तीन पदों पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की, जबकि उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन विजयी रहे। मतगणना 20 राउंड के बाद पूरी हुई।
अध्यक्ष पद पर यश डबास (ABVP) ने 24,576 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने NSUI के विजय शंकर मीणा को 2,053 वोटों के अंतर से हराया। मीणा को 22,523 वोट मिले।
उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने बड़ी जीत दर्ज की। उन्हें 30,615 वोट मिले। उन्होंने ABVP के इशू मौर्य और NSUI के वीर छत्रथ को पीछे छोड़ा।
सचिव पद पर रिया छाबड़ी (ABVP) विजयी रहीं। उन्हें 21,650 वोट मिले, जबकि NSUI की नम्रता चौधरी को 14,869 वोट प्राप्त हुए। वहीं, संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्य राज सिंह (ABVP) ने जीत हासिल की। उन्हें 16,615 वोट मिले।
इस तरह DUSU के चार केंद्रीय पदों में अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद ABVP के खाते में गए, जबकि उपाध्यक्ष पद निर्दलीय उम्मीदवार के नाम रहा। चुनाव में 18 सितंबर को मतदान हुआ था और कुल मतदान प्रतिशत 40.46% रहा।
DUSU 2026 के विजेता
- अध्यक्ष: यश डबास — ABVP
- उपाध्यक्ष: दीपांशु शौकीन — निर्दलीय
- सचिव: रिया छाबड़ी — ABVP
- संयुक्त सचिव: लक्ष्य राज सिंह — ABVP






